

भोपाल: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को अपने लोकसभा क्षेत्र विदिशा में गेहूं खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने खरीद के दौरन किसी तरह की लापरवाही या अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
कृषि मंत्री के अनुसार, प्रदेश के चार जिलों - रायसेन, विदिशा, सीहोर और देवास में खरीद का काम चालू है और व्यवस्थाओं में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि किसानों को हमारी जरूरत है और हमें उनके साथ खड़ा होना चाहिए।

खरीद केंद्रों पर तौल क्षमता बढ़ी
आंकड़ों के अनुसार, 80 प्रतिशत से अधिक किसानों ने अपनी स्लॉट बुकिंग पूरी कर ली है और सत्यापन से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है। कृषि मंत्री ने बताया कि खरीद केंद्रों पर तौल क्षमता बढ़ाकर 2,250 क्विंटल प्रतिदिन कर दी गई है और तौलने वाली मशीनों की संख्या भी बढ़ाई गई है। इसके अलावा, सभी केंद्रों पर अगले तीन दिनों के लिए बारदाने उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसानों की मेहनत से पैदा हुआ एक-एक दाना खरीदा जाएगा।
लापरवाही पर हुई कार्रवाई
कृषि मंत्री के अनुसार, कुछ जांचकर्ताओं के खिलाफ शिकायतें मिली थीं। इसके बाद 34 को काम से हटा दिया गया है और विदिशा जिले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
किसानों की शिकायतों के तुरंत समाधान के लिए कलेक्टर कार्यालयों में एक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। सरकार के अनुसार, किसानों को अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए उनकी हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही, चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद गेहूं खरीद का लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है।
जिलों में गेहूं खरीद का हाल
विदिशा की बात करें तो यहां पंजीकृत किसानों की संख्या 87,913 किसानों है, जिनमें से 72,027 किसानों ने स्लॉट बुक कर लिए हैं और 36,442 किसानों से 1.99 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। इसी तरह रायसेन के 77,117 में से 68,639 किसानों ने स्लॉट बुक किए हैं और 32,374 किसानों से 1.80 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदा गया है। सीहोर के 51,719 किसानों से 2,73,245 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। देवास के 31,035 किसानों से 1,48,301 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है।
युवाओं के लिए मामा कोचिंग क्लासेस की शुरुआत
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि छात्रों को पढ़ाई और रोजगार में सही मार्गदर्शन देने के लिए 10 मई से विदिशा में मामा कोचिंग क्लासेस शुरू की जाएंगी। इस पहल के तहत कुछ चुने हुए छात्रों को ऑफलाइन कोचिंग दी जाएगी, जबकि दूसरे छात्रों को ऑनलाइन सुविधा और करियर काउंसलिंग मिलेगी। केंद्रीय मंत्री के अनुसार, जल्द ही रायसेन जिले में भी ऐसी ही कोचिंग सुविधा शुरू की जाएगी।
सोर्स: अमर उजाला (गांव जंक्शन)
Looking for more news?
Browse All Latest News