
पटना: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पटना के ज्ञान भवन में आयोजित मखाना महोत्सव में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि सरकार मखाना किसानों को हर संभव मदद देगी और मखाना की खेती के लिए सब्सिडी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि, बिहार अब देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी मखाना उत्पादन का केंद्र बन चुका है। मंत्री चौहान ने बताया कि, मखाना उत्पादन को प्रोत्साहन देने के लिए केंद्र सरकार ने मखाना बोर्ड गठित करने की अधिसूचना जारी कर दी है। यह बोर्ड मखाने पर अनुसंधान, विकास, मार्केटिंग, ब्रांडिंग और प्रमोशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके अतिरिक्त, मखाना प्रसंस्करण और उत्पादन के लिए आधुनिक मशीनों और नई किस्मों के विकास हेतु लगभग 475 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने किसानों के लिए केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में घोषित प्रमुख फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, मसूर, उड़द और अरहर के किसान जितना भी उत्पादन करेंगे, केंद्र सरकार उसे न्यूनतम समर्थन मूल्य पर पूरा खरीदेगी।
मखाना उत्पादन से गरीबों को आर्थिक बल मिलेगा- केंद्रीय कृषि मंत्री
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मखाना उत्पादन से गरीबों को आर्थिक बल मिलेगा। उन्होंने बताया कि पहले जहां मखाना केवल 3 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में उगाया जाता था, वहीं अब यह बढ़कर 35 से 40 हजार हेक्टेयर तक पहुँच चुका है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए मखाना बोर्ड के गठन के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की मदद से बिहार में विकास हो रहा है। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में युवाओं को, विशेषकर बिहार के युवाओं को 64 हजार करोड़ रुपए की सौगात दी गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास हो रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य में बिहार महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
मखाना क्षेत्र में स्टार्टअप स्थापित करने की अपील
केंद्रीय कृषि ने बिहार के युवाओं से मखाना क्षेत्र में स्टार्टअप स्थापित करने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि, हमारा लक्ष्य है कि मखाना भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की डाइनिंग टेबल तक पहुंचे और किसानों की आय में निरंतर वृद्धि हो।
केंद्रीय कृषि मंत्री का विपक्ष पर निशाना
पटना पहुंचते ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिना नाम लिए लालू प्रसाद पर निशाना साधा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, परिवारवाद और कुर्सी वाद में उलझा विपक्ष किडनी देने वाली बेटी का भी तिरस्कार कर रहा है। राहुल गांधी पर तंज करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, जो लोग विदेश में जाकर देश का अपमान करते हैं, उन्हें देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। विदेश में जाकर देश का अपमान करना अपराध और पाप है।
साभार: दैनिक भास्कर
Looking for more news?
Browse All Latest News